आज की ताजा खबर

एलआईयू इंस्पेक्टर के कथित अमर्यादित व्यवहार पर भड़के पत्रकार, एसपी कार्यालय के सामने सांकेतिक धरना क्रासर: पत्रकार उत्पीड़न प्रकरण में एसपी को सौंपा ज्ञापन जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन; एलआईयू इंस्पेक्टर के व्यवहार पर जताया कड़ा विरोध

top-news

महराजगंज।  पत्रकार उत्पीड़न के विरोध में सोमवार को जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के बैनर तले जिले भर के पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य कर रहे पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न या अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नौतनवा को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। लेकिन इसी दौरान एसपी कार्यालय परिसर में मौजूद एलआईयू इंस्पेक्टर के अमर्यादित एवं असंवेदनशील व्यवहार से माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

पत्रकारों का आरोप है कि एलआईयू इंस्पेक्टर ने ऐसा व्यवहार किया जिससे पत्रकारों की गरिमा आहत हुई और उनमें भारी रोष व्याप्त हो गया। इसके विरोध में जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य तत्काल एसपी कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और पत्रकारों से वार्ता कर उनकी आपत्तियों को गंभीरता से सुना। उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया।