आज की ताजा खबर

दोमुहा चौराहे पर गरजी जेसीबी, हाईवे की पटरी से हटाया गया अतिक्रमण

top-news

भदैया, सुलतानपुर। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने शनिवार को भदैया ब्लॉक मुख्यालय स्थित दोमुहा चौराहे पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। जेसीबी मशीन की मदद से हाईवे की पटरी पर वर्षों से जमा मिट्टी, मलबा और अवरोधों को हटाया गया, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुधारने की कवायद शुरू हुई।

सुलतानपुर-वाराणसी पुराने हाईवे स्थित दोमुहा चौराहे पर कई दुकानदारों द्वारा सड़क की पटरी पर अतिक्रमण कर दुकानें संचालित की जा रही थीं। पटरी पर मिट्टी जमा होने से बरसात का पानी सड़क पर भर जाता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।


लगातार मिल रही शिकायतों के बाद लोक निर्माण विभाग ने जेई राकेश कुमार की मौजूदगी में करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क की दोनों पटरियों से जेसीबी के माध्यम से मिट्टी हटवाई। कार्रवाई के दौरान चौराहे पर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा और दुकानदार अपना सामान हटाते नजर आए। लोनिवि के सहायक अमीन राकेश ने बताया कि फोरलेन बाईपास अभियाकला से दोमुहा चौराहा, अयोध्या बाईपास तथा कोतवाली देहात तक हाईवे की दोनों पटरियों की सफाई कराई जाएगी।

इसका उद्देश्य जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना और बरसात में सड़क पर जलभराव की समस्या से राहत दिलाना है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *