आज की ताजा खबर

पीलीभीत में लापता 7 वर्षीय अंशिका का चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग, जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी

top-news

पीलीभीत में 7 वर्षीय अंशिका का चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग, जंगलों में ड्रोन और डॉग स्क्वाड के साथ सर्च ऑपरेशन जारी

हरिपुर रेंज से सटे जटपुरा गांव से लापता हुई मासूम की तलाश में पुलिस, वन विभाग और प्रशासन जुटा

पीलीभीत | पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की हरिपुर रेंज से सटे जटपुरा गांव से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 7 वर्षीय अंशिका का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। बच्ची की तलाश में पुलिस, वन विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम अंशिका अपनी मां के पास जा रही थी, तभी वह रास्ते से अचानक लापता हो गई। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद प्रशासन ने व्यापक स्तर पर खोज अभियान शुरू किया।


मासूम की तलाश के लिए जंगलों, गन्ने के खेतों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों, डॉग स्क्वाड और बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ सघन कॉम्बिंग की जा रही है। इस अभियान में स्थानीय ग्रामीण भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।

क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की आशंका के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हालांकि अभी तक बच्ची के लापता होने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान भी गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और अधिकारियों को खोज अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

फिलहाल पूरे गांव की निगाहें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं और ग्रामीण मासूम अंशिका की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *