आज की ताजा खबर

‘इतनी भी क्या जल्दी है?’ अभियान का शुभारंभ, परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने को 150 गांवों में चलेगी मोबाइल वैन

top-news

श्रावस्ती।विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर श्रावस्ती में परिवार नियोजन एवं सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार (एसबीसीसी) अभियान इतनी भी क्या जल्दी है  का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट में आयोजित डिस्ट्रिक्ट वर्किंग ग्रुप की बैठक में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी की मौजूदगी में अभियान का शुभारंभ हुआ।

साथ ही पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से  देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा’ अभियान भी लॉन्च किया गया।बैठक में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि परिवार नियोजन केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास से भी जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे में उचित अंतराल और दो बच्चों के बीच पर्याप्त समय रखने जैसे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों का समन्वित प्रयास जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान से जुड़ी फिल्में, पोस्टर और अन्य प्रचार सामग्री गांव-गांव तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


इस अवसर पर परिवार नियोजन जागरूकता के लिए तैयार किए गए पोस्टर, लघु फिल्में और जिंगल्स जारी किए गए। साथ ही तीन चयनित विकासखंडों के 150 गांवों में जागरूकता फैलाने के लिए मोबाइल प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के तहत सोशल मीडिया, होर्डिंग, पोस्टर और मोबाइल वैन के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जुलाई से सितंबर तक गांवों में फिल्म प्रदर्शन, हैंडबिल वितरण, जिंगल्स प्रसारण और परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (आरसीएच) डॉ. उदय नाथ ने कहा कि आशा, एएनएम और ग्राम प्रधानों की सक्रिय भूमिका परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता की महत्वपूर्ण कड़ी है।कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *