आज की ताजा खबर

श्रावण मास से पहले डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने किया आनंदेश्वर मंदिर का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए निर्देश

top-news

श्रावण मास की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, परमट आनंदेश्वर मंदिर में सुरक्षा और सुविधाओं के दिए निर्देश

महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, बिजली, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

कानपुर | श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 30 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले सावन के मद्देनजर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को परमट स्थित प्राचीन श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के महंत और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे।


डीएम ने नगर निगम को मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं केस्को को पूरे श्रावण मास के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को मंदिर परिसर के निकट अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के लिए कहा गया, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान आनंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेश और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता रहेगी।

पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

 https://youtu.be/wx0QGRGalMM

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *