आज की ताजा खबर

बीआरसी पडरौना में पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, प्रथम बैच में 100 शिक्षक व शिक्षामित्र शामिल

top-news

 एफएलएन प्रशिक्षण में नई पाठ्यपुस्तकों और प्रभावी शिक्षण तकनीकों पर जोर

 भाषा और गणित की मजबूत बुनियाद तैयार करने पर दिया गया जोर

 ‎पडरौना कुशीनगर। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों का पांच दिवसीय एफएलएन प्रशिक्षण मंगलवार से बीआरसी पडरौना में शुरू हुआ। प्रशिक्षण के प्रथम बैच में 100 शिक्षक एवं शिक्षामित्र शामिल हैं। 

‎प्रशिक्षण का शुभारंभ बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल एनसीईआरटी की नवीन पाठ्यपुस्तकों से परिचित कराना नहीं, बल्कि शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण तकनीकों से जोड़ना है, जिससे बच्चों में भाषा और गणित की मजबूत बुनियाद तैयार हो सके।

उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से ग्रहण कर कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। एआरपी सुबोध शुक्ल ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर भाषा एवं गणित में दक्ष बनाकर निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करना है।


एआरपी अखिलेश सिंह एवं मनीष बाजपेई ने कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और गतिविधियों का कक्षा में प्रभावी उपयोग विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

एआरपी नित्यानंद मिश्रा एवं ऋषिकेश सिंह ने एनसीईआरटी की नवीन पाठ्यपुस्तकों की संरचना एवं उद्देश्य, कार्यपुस्तिका के प्रभावी उपयोग, शिक्षण-अधिगम सामग्री की रणनीति, पठन अभ्यास, प्रवाहपूर्ण पठन तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शिक्षक संदर्शिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साथ ही प्रतिभागियों को गतिविधि आधारित शिक्षण के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को नवीन पाठ्यक्रम एवं प्रभावी शिक्षण पद्धतियों में दक्ष बनाकर प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों की भाषा और गणितीय दक्षता को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान अमरदीप शुक्ल, दिलीप पांडेय, वेद प्रकाश पांडेय, अरुण कुमार, रूपाली श्रीवास्तव, आनंद सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *