आज की ताजा खबर

अपहरण के मुकदमे से बचने को रची खुद के डूबने की साज़िश, हुलिया बदलकर रुद्रपुर में नौकरी कर रहा आरोपी गिरफ्तार

top-news

पीलीभीत। किशोरी के अपहरण के मामले में कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नहर में कूदकर खुदकुशी का झूठा नाटक रचने वाले शातिर आरोपी को अमरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न केवल पुलिस को गुमराह कर रहा था, बल्कि अपना हुलिया बदलकर पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौकरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

मंगलवार दोपहर पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक  विक्रम दहिया ने बताया कि थाना सुनगढ़ी के ग्राम भंगा मोहम्मदगंज निवासी आकाश उर्फ ओमशंकर और उसके पांच अन्य साथियों पर एक 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज है।


गुमराह करने को नहर किनारे छोड़े थे जूते

मुकदमे में गिरफ्तारी से बचने और लड़की पक्ष को झूठे केस में फंसाने की नीयत से आरोपी ने साज़िश रची। 22 जुलाई को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि आकाश पौटा डैम के पास नहर में कूद गया है। साक्ष्य गढ़ने के लिए उसने नहर किनारे अपने जूते भी छोड़ दिए थे। आरोपी के भाई अरविंद कुमार की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शव नहीं मिला।

सर्विलांस की मदद से पकड़ी गई चालाकी

शव न मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देश पर अमरिया पुलिस और सर्विलांस सेल ने तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। सर्विलांस की मदद से चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी जिंदा है और सिर पर पगड़ी बांधकर व हुलिया बदलकर सिडकुल रुद्रपुर में नौकरी कर रहा है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ एक और मुकदमा

सटीक सुराग मिलने के बाद अमरिया पुलिस ने आरोपी आकाश को अमरिया कस्बे के रामलीला मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के पिता की तहरीर पर अमरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस का समय व संसाधन बर्बाद करने, झूठे साक्ष्य गढ़ने, गुमराह करने और फोन पर जान से मारने की धमकी देने की गंभीर धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक आशीष द्विवेदी, कांस्टेबल पवन कुमार, राहुल कुमार और सर्विलांस सेल के प्रियांशु चौधरी शामिल रहे।

शोएब खान

संवाददाता पीलीभीत

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *