आज की ताजा खबर

कूड़ा डालने को लेकर चाचा-भतीजे भिड़े, दोनों पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे

top-news

आरिफ सिद्दीकी

सिधौली शाहजहांपुर। सिंधौली कस्बे में घर के बाहर कूड़ा डालने को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना का करीब 37 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वालों को थाने ले आई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत देने से इनकार करते हुए आपस में समझौता कर लिया।

वायरल वीडियो सिंधौली थाना व कस्बा का बताया जा रहा है। वीडियो में 'आकाश टेंट' नाम से दुकान के पास दो पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।


मारपीट के दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विवाद बढ़ने के बावजूद लोग बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में चाचा-भतीजे हैं। घर के बाहर कूड़ा डालने को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई थी। एक पक्ष ने कूड़ा डालने से मना किया तो दूसरे पक्ष के लोग विवाद करने लगे।

देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए और एक-दूसरे पर हमला करने लगे।

वीडियो वायरल होने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को हुई। सूचना पर सिंधौली पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट करने वाले दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले आई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की, लेकिन दोनों पक्षों ने कोई लिखित शिकायत देने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।

थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट करने वाले दोनों पक्ष आपस में चाचा-भतीजे हैं। कूड़ा डालने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को दोबारा मारपीट न करने की हिदायत दी है और भविष्य में विवाद करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देकर जाने दिया।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *