आज की ताजा खबर

चीनी मिल के ईटीपी प्लांट पर दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल होने से दहशत

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। पूरनपुर दि किसान सहकारी चीनी मिल परिसर स्थित ईटीपी प्लांट पर मंगलवार को तेंदुआ दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दोपहर करीब दो बजे सामने आए वीडियो में तेंदुआ ईटीपी प्लांट के पास बैठा नजर आ रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद चीनी मिल कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।


स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियां चीनी मिल परिसर और आसपास के क्षेत्र में देखी जा रही हैं। पिपरिया दुलई गांव के नजदीक भी तेंदुआ दिखाई देने की बात सामने आ चुकी है।

लगातार तेंदुए की मौजूदगी से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुए की लगातार मौजूदगी के बावजूद वन विभाग की ओर से निगरानी और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि चीनी मिल में कर्मचारियों के साथ ही आसपास के गांवों के लोगों और राहगीरों की आवाजाही रहती है।

ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर तेंदुए की निगरानी कराने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की गई है। लोगों ने सुबह और शाम के समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *