आज की ताजा खबर

बबूल के पेड़ पर संदिग्ध अवस्था में लटका मिला सफाई कर्मचारी का शव

top-news

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन व पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सलमान

बेला औरैया। बेला थाना क्षेत्र के गांव बरौली में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सफाई कर्मचारी का शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर बबूल के पेड़ पर संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।

गांव बरौली निवासी राजेश (30) पुत्र बबलू मल्होसी स्थित ग्रामीण बैंक में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्य करता था। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे वह घर से बैंक में सफाई कार्य के लिए निकला था। दिनभर बैंक में काम करने के बाद वह वहां से निकल गया, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।


शुक्रवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बराहदेवी से कंधिया जाने वाले कच्चे मार्ग के किनारे एक बबूल के पेड़ पर राजेश का शव लटका दिखाई दिया। उसके गले में रस्सी का फंदा लगा था। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह तथा पूर्वा सुजान चौकी प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।

पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

मृतक के  भाई गोविंद, किशन, सानू, कबीर, व बहन रानी और रागिनी बताए गए हैं। राजेश की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है और मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक शराब का आदी था। मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *