आज की ताजा खबर

सिकटिया में पीएचसी निर्माण का रास्ता हुआ साफ, किया गया 90 डिसमिल जमीन चिन्हित

top-news

 मोहम्मद नईम

मथौली बाजार : हाटा तहसील क्षेत्र के सिकटिया गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण की उम्मीद बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को हाटा एसडीएम योगेश्वर सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने गाटा संख्या 806 की पैमाइश कर करीब 90 डिसमिल जमीन स्वास्थ्य केंद्र के लिए चिन्हित की। जमीन की पैमाइश के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

हल्का लेखपाल मानीक चंद जायसवाल ने ग्राम प्रधान जमुना सागर सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. दीपक मिश्रा, बी पी एम सुनील कुमार और ग्रामीणों की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश कराई। ग्राम प्रधान ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए ग्रामसभा की ओर से जमीन उपलब्ध करा दी गई है।

चिन्हित जमीन खाली है और इसे लेकर किसी प्रकार का विवाद नहीं है। सिकटिया में लंबे समय से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग की जा रही थी। हाटा विधायक मोहन वर्मा ने भी विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पी एच सी स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

शासन स्तर से जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आवश्यक आख्या मांगी गई है। स्वास्थ्य निदेशक की संस्तुति के बाद अब जमीन चिन्हित होने से निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से सिकटिया के अलावा मुड़िला हरपुर, गौनरिया, अथरहा, पिपरा, लंगड़ी, देवराजपिपरा और दुबौली सहित आसपास के गांवों की करीब 32 हजार आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है।

अभी ग्रामीणों को उपचार के लिए करीब सात किलोमीटर दूर सी एच सी मोतीचक या 16 किलोमीटर दूर सी एच सी हाटा जाना पड़ता है। पी एच सी शुरू होने पर ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

जमीन चिन्हित होने के बाद ग्रामीणों को अब केंद्र के निर्माण की उम्मीद बंधी है। इस दौरान जमुना सागर सिंह  गुड्डू बाबा  संजय कुमार कुशवाहा   अनिरुद्ध, जितेंद्र सिंह, संजय यादव, अवधेश सिंह, रामदुलारे सिंह, रामेश्वर, डॉ. दीपक मिश्रा और सुनील कुमार समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *