आज की ताजा खबर

कुदरकोट में जन्माष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कृष्ण की ससुराल हुई कृष्णमय

top-news

 मां अलोपा देवी मंदिर में भव्य सजावट, आधी रात को होगा कान्हा का जन्मोत्सव; सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट

रोहित अवस्थी

रुरुगंज औरैया। भगवान श्रीकृष्ण की ससुराल के रूप में प्रसिद्ध औरैया का ऐतिहासिक एवं पौराणिक कस्बा कुदरकोट जन्माष्टमी पर पूरी तरह कृष्णमय नजर आया। मंदिरों में आकर्षक सजावट के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यहां का माहौल मथुरा-वृंदावन में होने वाले बड़े धार्मिक आयोजनों की याद दिला रहा है।


कुदरकोट स्थित प्रसिद्ध मां अलोपा देवी मंदिर को जन्माष्टमी के लिए भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और गुब्बारों से आकर्षक नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने विशेष तैयारियां की हैं। रात 12 बजे कान्हा के जन्म के अवसर पर महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।

 कुंदनपुर से जुड़ी है पौराणिक मान्यता

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आज का कुदरकोट द्वापर युग के कुंदनपुर के नाम से जाना जाता था। पुरहा नदी के तट पर बसे इस क्षेत्र को राजा भीष्मक की राजधानी बताया जाता है। मान्यता है कि राजा भीष्मक की पुत्री माता रुक्मिणी का जन्म यहीं हुआ था। रुक्मिणी की इच्छा पर भगवान श्रीकृष्ण उन्हें यहां से अपने साथ ले गए थे। इसी वजह से कुदरकोट को श्रीकृष्ण की ससुराल होने का गौरव प्राप्त है।


 चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों की निगरानी में भीड़ और यातायात व्यवस्था संभाली जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो।

वही मन्दिर के पुजारी राम कुमार चौरसिया का कहना है कि श्रीकृष्ण की ससुराल मानी जाने वाली इस पावन धरती पर जन्माष्टमी मनाना उनके लिए गौरव की बात है। यही कारण है कि हर वर्ष यहां जन्माष्टमी का पर्व विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाता है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *