आज की ताजा खबर

चकदहा नाला पर 1.97 करोड़ से बनेगा लघु सेतु, ग्रामीणों विधायक को दिया धन्यवाद

top-news

राजापाकड़-करमैनी मार्ग पर पकड़ी से पगरा पड़री को जोड़ने वाले कच्चे रास्ते पर बनेगा सेतु

शासन ने जारी की 39.45 लाख रुपये की पहली किस्त

कुशीनगर। जनपद के तमकुहीराज विकास खंड में राजापाकड़-करमैनी मार्ग पर पकड़ी गोसाई गांव से पगरा पड़री को जोड़ने वाले कच्चे रास्ते पर चकदहा नाला के ऊपर लघु सेतु व पहुंच मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

विधायक डा. सुरेंद्र कुमार कुशवाहा की पहल और प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश शासन के लोक निर्माण अनुभाग ने परियोजना के लिए 197.24 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी है।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 39.45 लाख रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। इससे बरसात में आवागमन प्रभावित होने वाले क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

चकदहा नाला पर पुल नहीं होने से बारिश के दिनों में कच्चे रास्ते पर पानी भर जाता है। इससे पगरा पड़री के साथ पकड़ी गोसाई और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है।

कई बार लोगों को दूसरे रास्तों से होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। लघु सेतु के साथ पहुंच मार्ग बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

विधायक डा. सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि चकदहा नाला पर पुल और पहुंच मार्ग की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। बरसात में संपर्क प्रभावित होने की समस्या को देखते हुए शासन के समक्ष प्रस्ताव रखा गया था। स्वीकृति मिलने से अब क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा और विकास को गति मिलेगी।

परियोजना की स्वीकृति मिलने पर शुक्रवार को बरवाराजापाकड़ बाजार में पूर्व प्रधान पप्पू कुशवाहा के नेतृत्व में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने विधायक का माल्यार्पण कर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान डा. डीएन कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष अमलेश तिवारी, अभिषेक तिवारी, राजू जायसवाल, जितेंद्र वर्मा, डा. काशीनाथ वर्मा और अजित वर्मा आदि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने स्वीकृति के लिए विधायक के प्रति आभार जताया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *