आज की ताजा खबर

विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप

top-news

सलमान

बेला औरैया। थाना क्षेत्र की याकूबपुर चौकी के अंतर्गत पट्टी ज्ञानी गांव में शुक्रवार शाम 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया।

परिजनों ने उसके पति पर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

एसपी औरैया अभिषेक भारती और सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।


पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत की पुत्री रेखा देवी (35) का विवाह वर्ष 2016 में कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अचनकापुर निवासी प्रमोद कुमार राजपूत (40) के साथ हुआ था।

परिजनों के अनुसार रेखा देवी शादी के बाद से ही अपने मायके में परिवार के साथ रह रही थी। शुक्रवार को पति प्रमोद कुमार के वहां आने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।

परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रमोद ने रेखा के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना शुक्रवार शाम करीब 4:15 बजे पुलिस को मिली। रेखा के तीन बच्चे हैं। इनमें बड़ा बेटा कृष्णा करीब 10 वर्ष का है, जबकि अन्य दो बच्चों की उम्र करीब सात और तीन वर्ष बताई गई है।

परिजनों के मुताबिक रेखा की मां मैकेना देवी का निधन उसके बचपन में ही हो गया था।

सूचना मिलते ही बेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। एसपी औरैया अभिषेक भारती ने बताया कि पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।


 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *