आज की ताजा खबर

ग्राम समाज की जमीन पर मंदिर निर्माण की तैयारी पर रोक

top-news

जन्माष्टमी कार्यक्रम को लेकर नगर कोतवाली क्षेत्र के महेदवा में हंगामा,मूर्ति स्थापना की सूचना पर एसडीएम के आदेश पर कार्रवाई

भंडारे की तैयारी में काटी गई सब्जियां फेंकने का आरोप

सुशील चंद्र मिश्र

सुल्तानपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के महेदवा गांव में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर निर्माण और मूर्ति स्थापना की तैयारी को लेकर विवाद हो गया। ग्राम समाज की जमीन पर मंदिर निर्माण की तैयारी और भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापना की सूचना पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसडीएम के आदेश पर मूर्ति स्थापना के कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों में हंगामे की स्थिति बन गई।

बताया जाता है कि गांव में कई वर्षों से जन्माष्टमी का कार्यक्रम मनाया जाता रहा है। इस बार यादव समाज के लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर मंदिर निर्माण की तैयारी शुरू की थी। इसके लिए चंदा जुटाने को रसीदें भी छपवाई गई थीं।

एक दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री द्वारा करीब 40 हजार रुपये चंदा दिए जाने की भी चर्चा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के प्रसाद ग्रहण करने की तैयारी थी। इसी बीच गांव के ही क्षत्रिय बिरादरी के लोगों ने मंदिर निर्माण और मूर्ति स्थापना को लेकर प्रशासन से शिकायत की।


शिकायत के बाद प्रशासन ने मूर्ति स्थापना पर आपत्ति जताई थी। शुक्रवार को मूर्ति स्थापना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम रुकवा दिया। इसके बाद भंडारे की तैयारी भी रोक दी गई।

सब्जियां फेंकने की तस्वीर वायरल

भंडारे के लिए काटी गई सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री फेंके जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। आयोजकों का आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई के कारण बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री बर्बाद हो गई। हालांकि, सामग्री की वास्तविक मात्रा और नुकसान का स्वतंत्र रूप से सत्यापन नहीं हो सका है।

कार्रवाई से नाराज यादव समाज के लोगों ने विरोध जताया। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी भी की। वहीं, ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई से नाराज बताए जा रहे हैं।

नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र ने बताया कि ग्राम सभा की जमीन पर मंदिर निर्माण की तैयारी की जा रही थी। एसडीएम के आदेश पर मूर्ति स्थापना पर रोक लगाई गई है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था कायम है। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *