आज की ताजा खबर

बंद पड़े 55 विद्यालयों को लेकर सपा जिलाध्यक्ष ने उठाई आवाज

top-news

शिक्षक दिवस पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया याद, बोले- सपा सरकार बनी तो दोबारा खुलेंगे विद्यालय

रोहित अवस्थी

औरैया। शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने जिले में बंद पड़े विद्यालयों का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उनके गांव के आसपास शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जिले में करीब 55 विद्यालय बंद किए गए हैं, जबकि पूरे प्रदेश में लगभग 26 हजार विद्यालय बंद किए जाने की बात सामने आई है। समाजवादी पार्टी इन विद्यालयों को दोबारा संचालित कराने के लिए आवाज उठाती रहेगी।

सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं द्वारा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को जनता के सामने रखा जा रहा है। इसी क्रम में ‘पाठशाला पुकारे’ और ‘पीडीए’ अभियान के तहत बंद विद्यालयों का मुद्दा उठाया गया है। उन्होंने बताया कि अजीतमल तहसील क्षेत्र में आर्य नगर अजीतमल, रामनगर, लक्ष्मणपुर अटा और ककरैया समेत कई विद्यालय बंद हैं। वहीं औरैया नगर क्षेत्र में भी सात विद्यालयों के बंद होने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिले में करीब 55 विद्यालयों के बंद होने से ग्रामीण और गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।


सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि गांवों में छोटे-छोटे बच्चों को प्राथमिक स्तर पर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय खोले गए थे। इन विद्यालयों के बंद होने से बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे गांवों अथवा दूर स्थित विद्यालयों में जाना पड़ रहा है। गरीब परिवारों के लिए बच्चों को रोजाना दूर भेजना आसान नहीं है। इससे कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल शिक्षकों को शुभकामनाएं देने तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिक्षकों के सम्मान का वास्तविक अर्थ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, विद्यालयों में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण देना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने के साथ देश के भविष्य का निर्माण करते हैं। ऐसे में विद्यालयों को बंद करने के बजाय शिक्षा की पहुंच को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए।

सपा जिलाध्यक्ष ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह देश के प्रथम उपराष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति रहे। उनका जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने अपना जीवन शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज और शिक्षा जगत के लिए प्रेरणादायक हैं।

उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी शिक्षक  हैं और शिक्षा के महत्व को करीब से समझते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का उदाहरण देते हुए कहा कि नेताजी भी शिक्षक रहे और मैनपुरी के करहल स्थित जैन इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के रूप में कार्य किया। शिक्षक के रूप में मिले अनुभवों ने उनके व्यक्तित्व और सामाजिक सोच को मजबूत आधार दिया।

सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि समाजवादी पार्टी बंद विद्यालयों के मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए विद्यालयों को दोबारा संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को उनके गांव के आसपास ही शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और किसी भी बच्चे को केवल विद्यालय दूर होने के कारण पढ़ाई से वंचित नहीं होना चाहिए।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, राहुल तिवारी, राजेश राजपूत, स्नेह लता दोहरे, बबलू यादव, हरीशंकर यादव, अर्पित पोरवाल, कल्लू यादव समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *