आज की ताजा खबर

विधायक एवं बीज विकास निगम उपाध्यक्ष ने उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित

top-news

शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला : मनीष जायसवाल

शिक्षकों का समर्पण राष्ट्र की मजबूत नींव : राजेश्वर सिंह

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भी गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनपद के 14 विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को सदर विधायक मनीष जायसवाल एवं उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना तथा अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुशीनगर महेन्द्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी पडरौना सुरेंद्र बहादुर सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेंद्र मणि सहित जिला समन्वयक, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे। जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा प्रभाकर पांडेय, जिला व्यायाम शिक्षक अनिल कुमार मिश्रा एवं जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र नारायण पाण्डेय ने किया।

बेसिक शिक्षा विभाग से कप्तानगंज के संजीव कुमार गोंड, तमकुही के अवधेश वर्मा, सेवरही के नवीन कुमार, सुकरौली की माला सिंह, मोतीचक के दीपेश सिंह, फाजिलनगर की प्रियंका राय, पडरौना की सबाना परवीन, विशुनपुरा के डॉ. अनिरुद्ध मौर्य, कसया के महेश कर्णधार, दुदही के मुकेश यादव, हाटा के शाबिर सिद्दीकी, खड्डा के अभिसिप्ट कुमार, नेबुआ नौरंगिया के धर्मेंद्र कुमार तथा रामकोला के मंगलदीप कनौजिया को सम्मानित किया गया।

माध्यमिक शिक्षा विभाग से पडरौना के राम स्वरूप गुप्ता, राजेश यादव एवं विनय पांडेय, तमकुही के गिरधर मौर्य, खड्डा के ऊदल कुमार, विशुनपुरा के शैलेन्द्र कुमार तथा सेवरही के विजय शंकर शुक्ला को सम्मानित किया गया।

शिक्षकों का समर्पण राष्ट्र की मजबूत नींव : राजेश्वर सिंह अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने गुरु की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षित ही नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण करते हैं। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

शिक्षकों ने जीवन को दिशा देने का कार्य किया  जिलाधिकारी जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने अपने बचपन के संस्मरण साझा करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, सही निर्णय लेने और बेहतर नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और योगदान की सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने भी सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को बधाई दी। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं शिक्षकगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *