आज की ताजा खबर

जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु प्रशासन प्रतिबद्ध : जिलाधिकारी

top-news

62 प्रकरण प्राप्त, 07 का मौके पर निस्तारण; शेष प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील खड्डा सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसामान्य द्वारा प्रस्तुत शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का आवश्यकतानुसार स्थलीय सत्यापन कर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व, पुलिस, विकास सहित अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी की मानवीय संवेदनशीलता भी सामने आई। तमकुहीराज तहसील में तैनात लेखपाल शम्भू कुमार के फाजिलनगर में मार्ग दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्री तंवर ने तत्काल अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी एवं सदर उप जिलाधिकारी को फोन कर घायल लेखपाल को हर संभव चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लेखपाल मधुकर श्रीवास्तव, अजीत, विभव शर्मा आदि को घायल लेखपाल के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी लेने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे घायल लेखपाल को सरकारी अथवा निजी, जिस भी अस्पताल में बेहतर उपचार संभव हो, वहां तत्काल भर्ती कराएं और उन्हें इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि घायल लेखपाल के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी की इस त्वरित पहल, मानवीय संवेदनशीलता एवं सहयोगी कार्यशैली की उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सराहना की। लेखपाल संघ खड्डा की ओर से भी जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी संवेदनशीलता के लिए धन्यवाद दिया गया।

 अपर पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवाद, आपसी विवाद एवं अन्य संवेदनशील मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 07 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 55 प्रकरणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। प्राप्त प्रकरणों में राजस्व विभाग के 18, पुलिस विभाग के 09, पुलिस एवं राजस्व के संयुक्त 04, विकास विभाग के 07 तथा अन्य विभागों के 24 प्रकरण शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने पर बल दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी खड्डा, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी खड्डा, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *