आज की ताजा खबर

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 19 शिकायतें, चार का मौके पर निस्तारण

top-news

शोएब खान

पीलीभीत। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 19 शिकायतें पहुंचीं। अधिकारियों ने मौके पर चार शिकायतों का निस्तारण किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर शिकायतकर्ता और संबंधित पक्ष को आमने-सामने बुलाकर दोनों का पक्ष सुनने के बाद निस्तारण किया जाए। निस्तारण की आख्या पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में यदि पुलिस प्रशासन की आवश्यकता हो तो पुलिस को साथ लेकर मौके पर ही समस्या का समाधान कराया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।


सर्पदंश से मृत दो लोगों के परिजनों को दिए चेक

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने दैवीय आपदा के तहत सर्पदंश से हुई जनहानि के मामलों में दो मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता के डेमो चेक वितरित किए। इनमें ग्राम भानपुर निवासी नेम सिंह पुत्र पोथीराम और ग्राम भमौरा निवासी फूलमती पत्नी रामप्रसाद के परिजन शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों को समय से राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके अलावा मृतक खातेदारों की वरासत दर्ज होने के बाद तैयार खतौनियां उनके वारिसों को सौंपी गईं।

जनसुनवाई में पहुंचे एक शिकायतकर्ता को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, जिला विकास अधिकारी, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, खंड विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *