आज की ताजा खबर

गले में रस्सी, जमीन पर शव और छत के कड़े में फंदा, विवाहिता की मौत बनी पहेली

top-news

छुटका मढ़ा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

अमित झा

अछल्दा औरैया। थाना क्षेत्र के इटैली चौकी अंतर्गत छुटका मढ़ा गांव में शनिवार को 30 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। माधुरी यादव पत्नी अंशु यादव का शव रसोईघर में जमीन पर पड़ा मिला। उसके गले में रस्सी बंधी थी, जबकि रसोईघर की छत में लगे कड़े में रस्सी का टूटा हुआ हिस्सा फंसा मिला। घटना की सूचना पति अंशु ने अपने ससुर रविंद्र सिंह निवासी पैतुआ को दी। इसके बाद पिता ने डायल 112 और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थानाप्रभारी सुरेश चंद्र सिंह, इटैली चौकी प्रभारी विपिन पाल और नायब तहसीलदार हरिकिशोर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।


बताया गया कि घटना के समय मृतका की सास-ससुर और उसकी चार वर्षीय बेटी परी घर पर थे। मृतका का पति अंशु गुजरात में रहकर निजी नौकरी करता है और रक्षाबंधन के बाद वापस गुजरात चला गया था। घटना के बाद सास-ससुर चार वर्षीय बच्ची को लेकर घर से चले गए।

मृतका के पिता रविंद्र सिंह यादव पुत्र शिवराम यादव निवासी पैतुआ ने पुलिस को तहरीर देकर ससुर दिनेश कुमार उर्फ भूरे, सास मीना देवी और ननद शिल्पी व ज्योति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता के अनुसार माधुरी की शादी 19 जून 2021 को अंशु के साथ हुई थी। शादी में करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर माधुरी को प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी।

पिता ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने मिलकर उनकी पुत्री की हत्या की और उसके गले में रस्सी बांधकर शव जमीन पर डाल दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रक्षाबंधन के दौरान घर आए पति ने माधुरी को धमकाया था। पिता के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब दो बजे अंशु ने फोन कर उन्हें बताया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाप्रभारी सुरेश चंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *