आज की ताजा खबर

ढोलक वादक विपिन की मौत में नया मोड़, आत्महत्या के लिए उकसाने की आरोपी युवती गिरफ्तार

top-news

तीन माह पहले आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था शव, परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुई थी नामजद रिपोर्ट

रोहित अवस्थी

अजीतमल औरैया। मुड़ैना रूपशाह गांव में करीब तीन माह पहले आम के पेड़ पर फंदे से लटके मिले ढोलक वादक विपिन कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद वांछित युवती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार युवती पर विपिन को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र के दलापुरा-अमोलर गांव निवासी करीब 25 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र स्व. मिश्रीलाल ढोलक बजाने का काम करता था। 26 मई की सुबह करीब सवा पांच बजे मुड़ैना रूपशाह गांव के बाहर भूरेबाबा देवस्थान मंदिर के पास ग्रामीणों ने आम के पेड़ पर पीले गमछे के सहारे उसका शव लटका देखा था। पास में उसकी चप्पल पड़ी मिली थी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। हाथ पर गोदे गए नाम और पास मिले कीपैड मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान हुई थी। प्रारंभ में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी।

घटना के बाद मृतक के भाई वीरेश ने पुलिस को बताया था कि विपिन रविवार को एक कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार के अनुसार वह एक महिला को पत्नी के रूप में अपने साथ रख रहा था। जांच के दौरान आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक मामले में मुड़ैना रूपशाह निवासी प्रियंका पुत्री राजकुमार को नामजद किया गया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे उसके घर के सामने गली से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, कांस्टेबल अंकुर कुमार और महिला कांस्टेबल अंजना देवी शामिल रहीं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *