आज की ताजा खबर

सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, पिता के सामने उठी बेटे की अर्थी

top-news

लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर प्रधान ढाबे के पास हुआ था हादसा, गंभीर हालत में लखनऊ किया गया था रेफर

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, अजय की मौत से गांव में पसरा मातम; बाइक सवार का इलाज जारी

सुरेंद्र कुमार पांडेय

सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर लोहरामऊ स्थित प्रधान ढाबे के पास करीब एक सप्ताह पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गुपसांड़ गांव निवासी 35 वर्षीय अजय सिंह पुत्र हरिहर सिंह ने शनिवार देर रात लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार सुबह शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले सुबह लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर लोहरामऊ प्रधान ढाबे के पास सड़क पार कर रहे एक पैदल यात्री को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार समेत तीन लोग घायल हुए थे। इनमें अजय सिंह की हालत गंभीर बताई गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अजय के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े।


हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए अजय सिंह को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई।

रविवार सुबह अजय का शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता के सामने बेटे की अर्थी उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। अजय की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। अंतिम दर्शन और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए लोगों का उनके घर पहुंचना जारी रहा।

शोक जताने वालों में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह बब्लू भपटा, जंजीरा दास इंटर कॉलेज नरहरपुर के प्रधानाचार्य डॉ. महेंद्र दूबे, प्रवक्ता राजेश दूबे, संजय तिवारी, समाजसेवी राहुल रोशन दूबे, अशोक सिंह और ग्राम प्रधान राजेश यादव समेत अन्य लोग शामिल रहे।

वहीं हादसे में घायल बाइक सवार युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज लखनऊ में चल रहा है। कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अजय सिंह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनकी 21 वर्षीय पुत्री रजनी सिंह पीजीआई में नर्स के रूप में कार्यरत हैं, जबकि 19 वर्षीय पुत्र वीर विक्रम सिंह उर्फ मुकुल नोएडा में निजी नौकरी कर रहे हैं। दोनों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लिए अचानक आई इस त्रासदी ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *