आज की ताजा खबर

भूटान-नेपाल-भारत अंतरराष्ट्रीय साहित्य मैत्री सम्मेलन में आमंत्रित हुए डॉ. इन्दु अजनबी

top-news

थिंफू में 16 से 21 सितंबर तक होगा सम्मेलन, तीनों देशों के साहित्यकार करेंगे प्रतिभाग

काव्यपाठ के साथ दो सत्रों का करेंगे संचालन, पहले भी नेपाल में कर चुके हैं देश का प्रतिनिधित्व

शाहजहांपुर। जनपद के चर्चित कवि, गीतकार और मंच संचालक डॉ. इन्दु अजनबी को भूटान में आयोजित होने वाले भूटान-नेपाल-भारत अंतरराष्ट्रीय साहित्य मैत्री सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। भूटान की राजधानी थिंफू में 16 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक आयोजन में तीनों देशों के साहित्यकार प्रतिभाग करेंगे।

सम्मेलन के दौरान डॉ. इन्दु अजनबी काव्यपाठ करने के साथ ही दो सत्रों का संचालन भी करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. हरेन्द्र हर्ष की ओर से उन्हें सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि से शाहजहांपुर के साहित्यिक जगत में खुशी का माहौल है।

डॉ. इन्दु अजनबी इससे पहले भी नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। विभिन्न साहित्यिक मंचों पर अपनी पहचान बना चुके डॉ. अजनबी को अब तक दर्जनों सम्मान मिल चुके हैं और उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।


काकोरी ट्रेन एक्शन पर आधारित उनकी पुस्तक ‘शत शत नमन काकोरी’ का विमोचन प्रख्यात अभिनेत्री जया बच्चन ने किया था। वहीं कोरोना काल के दौरान अस्पताल में लिखी गई उनकी पुस्तक ‘ज़िंदगी की ओर’ का विमोचन उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया था।

साहित्य के साथ मंच संचालन के क्षेत्र में भी डॉ. अजनबी की अलग पहचान है। वह राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत सैकड़ों कार्यक्रमों का सफल मंच संचालन कर चुके हैं। देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर काव्यपाठ कर चुके डॉ. अजनबी को मंच संचालन के क्षेत्र में भी जाना जाता है।

डॉ. इन्दु अजनबी नगर निगम शाहजहांपुर के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उनके द्वारा रचित शाहजहांपुर गौरव गीत, स्वच्छता अभियान गीत और मतदाता जागरूकता अभियान गीत विभिन्न अभियानों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं।

भूटान में होने वाले अंतरराष्ट्रीय साहित्य सम्मेलन के लिए आमंत्रित किए जाने पर जिले के साहित्यकारों और साहित्य प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए डॉ. इन्दु अजनबी को शुभकामनाएं दी हैं।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *