आज की ताजा खबर

शाहजहांपुर में 10.70 करोड़ से 10 सड़कों का होगा कायाकल्प

top-news

08 हॉट मिक्स और दो सीसी सड़कों के निर्माण व नवीनीकरण का शिलान्यास

दो से तीन महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य, जलनिकासी व्यवस्था भी होगी बेहतर

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। नगर निगम क्षेत्र में सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 10 प्रमुख मार्गों के विकास कार्य शुरू होंगे। राज्य सेक्टर योजना के प्रथम चरण के तहत इन कार्यों पर 10 करोड़ 70 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रविवार को विकास कार्यों का शिलान्यास किया।

योजना के तहत आठ हॉट मिक्स सड़कों के साथ दो सीसी सड़कों का निर्माण, पुनरोद्धार, नवीनीकरण और विस्तारीकरण कराया जाएगा। कई मार्गों पर सड़क के साथ नाली निर्माण से जलनिकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा। नगर निगम ने सभी कार्यों को दो से तीन महीने में पूरा कराने का लक्ष्य रखा है।

जिन मार्गों को योजना में शामिल किया गया है, उनमें जियाखेल में एनएच-24 स्थित हरिओम पान वाले की दुकान से अब्दुल्लागंज होते हुए मझई टोला एसटीपी तक का मार्ग, चार खंभा से किला रोड, खोया मंडी से अनाज मंडी रोड और एवी रियान इंटर कॉलेज से सुनहरी मस्जिद तक की सड़क शामिल है।

इसके अलावा बेरी चौकी से मालखाना कच्चा कटरा मोड़, बिजलीपुरा में नितिन पेट्रोलिंग से श्री खेमकरण के मकान होते हुए बर्कतखाना और जेल रोड के पास तक का मार्ग, घंटाघर से चार खंभा तथा ताजखेल-खलील शर्की में अंजान चौकी से नेशनल स्कूल होते हुए अम्मा टंकी मार्ग का भी विकास कराया जाएगा।

कटिया कटरा से राजघाट पुलिस चौकी और राजघाट मार्ग से जामा मस्जिद के पीछे तक सड़क एवं जलनिकासी से जुड़े कार्य भी इसी चरण में कराए जाएंगे। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि काम पूरा होने के बाद शहर में आवागमन सुगम होने के साथ नागरिकों को बेहतर सड़क और जलनिकासी की सुविधा मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में नगर निगम कार्यकारिणी समिति के उप सभापति वेद प्रकाश मौर्य, नगर आयुक्त सोम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *