आज की ताजा खबर

बदहाल सड़क व जलभराव से परेशान बीरगंज बाजारवासियों का छलका दर्द, विधायक ने दिया त्वरित मरम्मत का आश्वासन

top-news

कस्बा बीरगंज के अध्यक्ष नंद कुमार गुप्ता के बुलावे पर बीरगंज बाजार पहुंचे विधायक राम फेरन पांडेय व पूर्व जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा 'ओम'

वर्षों से खस्ताहाल सड़क और जलभराव झेल रहे क्षेत्रीय लोगों व व्यापारियों ने विधायक को सुनाई अपनी व्यथा

हेमन्त कुमार श्रीवास्तव

जमुनहा/श्रावस्ती। जनपद के आकांक्षी ब्लॉक जमुनहा अंतर्गत ग्राम पंचायत पटना के मजरा बीरगंज बाजार में वर्षों से व्याप्त बदहाल सड़क और जलभराव की समस्या का समाधान न होने पर अंततः बाजारवासियों का गुस्सा व दर्द फूट पड़ा। जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक गुहार लगाने के बावजूद जब समस्या जस की तस बनी रही, तो कस्बा नगर अध्यक्ष नंद कुमार गुप्ता की पहल पर क्षेत्रीय विधायक राम फेरन पांडेय और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश मिश्रा 'ओम' ने मौके पर पहुंचकर जनसमस्याएं सुनीं।

बीरगंज बाजार स्थित ब्लॉक मुख्यालय से लक्ष्मणपुर-गंगापुर मोड़ और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर से ग्राम पटना के बीच की सड़क पिछले कई सालों से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बना गहरा जलभराव न केवल बाजार आने-जाने वाले क्षेत्रीय नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए मुसीबत बना है, बल्कि सीएचसी मल्हीपुर की एम्बुलेंस सेवाओं और स्थानीय राहगीरों के लिए भी रोजमर्रा का सिरदर्द साबित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि तहसील जमुनहा, ब्लॉक जमुनहा और जिला स्तरीय अधिकारियों की लगातार आवाजाही के बावजूद इस मुख्य मार्ग की सुध नहीं ली गई।

हाल ही में बाजारवासियों की लगातार शिकायतों पर जिला पंचायत और लोक निर्माण विभाग (PWD) श्रावस्ती की टीम ने चार दिन पूर्व बाजार का निरीक्षण भी किया था, लेकिन इसके बाद भी धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हुआ। प्रशासनिक उपेक्षा से त्रस्त होकर नगर अध्यक्ष नंद कुमार गुप्ता ने क्षेत्रीय विधायक को मौके पर आमंत्रित किया।

विधायक राम फेरन पांडेय ने उपस्थित जनसमूह व व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क और जलभराव की इस गंभीर समस्या का अतिशीघ्र स्थायी निस्तारण कराया जाएगा तथा सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू होगा।

इस दौरान नगर अध्यक्ष नंद कुमार गुप्ता, संतोष कुमार, मोनू गुप्ता, सोनू गुप्ता, राजा गुप्ता, अशोक कुमार, सुरेश कुमार, हीरा लाल गुप्ता, मुरारीलाल, शिवांकर, प्रमोद कुमार, विनय कुमार, प्यारेलाल, मुड़िया प्रभारी मो. शाह आजम और विष्णु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *