आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में 12 से 14 नवंबर तक क्षेत्रीय ज्ञान विज्ञान मेले का आयोजन

top-news

चार प्रांतों और आठ समितियों से करीब 1200 छात्र प्रतियोगिताओं में लेंगे हिस्सा

संगठन मंत्री हेमचंद्र ने क्षेत्रीय संयोजकों और व्यवस्था प्रमुखों के साथ की योजना बैठक

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्ञान कुंज, विवेकानन्द नगर, सुलतानपुर में भारतीय शिक्षा समिति, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तत्वावधान में क्षेत्रीय ज्ञान विज्ञान मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 12 से 14 नवंबर तक होगा। इसमें क्षेत्र की आठ समितियों और सभी चार प्रांतों से करीब 1200 प्रतियोगी छात्र प्रतिभाग करेंगे।

कार्यक्रम के तहत क्षेत्रीय वैदिक गणित, विज्ञान मेला और संस्कृति महोत्सव सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र ने क्षेत्रीय संयोजकों और व्यवस्था प्रमुखों के साथ योजना बैठक की।


दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी ने क्षेत्र संगठन मंत्री सहित सभी अतिथि अधिकारियों का अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया। बैठक में हेमचंद्र ने कहा कि प्राण, मन, बुद्धि और आत्मा का विकास विभिन्न ज्ञानेन्द्रियों के माध्यम से होता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र स्तर पर बड़े कार्यक्रम की तैयारियां अभी से शुरू करने की आवश्यकता है। शिक्षा के क्षेत्र में समय के साथ इन प्रतियोगिताओं का महत्व बढ़ रहा है। विद्यार्थियों, आचार्यों और अभिभावकों में पाठ्य सहगामी गतिविधियों को लेकर जागरूकता बढ़ी है और प्रतियोगिता भी लगातार बढ़ रही है, जो सकारात्मक संकेत है। ऐसे में सभी को सजगता के साथ तैयारियां पूरी करनी चाहिए।

बैठक के दौरान विज्ञान के क्षेत्रीय संयोजक बांके बिहारी पाण्डेय और सह संयोजक संतोष सिंह, संस्कृति बोध परियोजना के क्षेत्र संयोजक राजेन्द्र देव एवं सह संयोजक संतोष सिंह तथा वैदिक गणित के क्षेत्र संयोजक संतोष कुमार सिंह और सह संयोजक राम मनोहर ने संबंधित विषयों को लेकर अलग-अलग बैठकें कीं।

कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़ी बैठक में प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, विद्या भारती के पूर्णकालिक योजना प्रमुख उत्तम जी, ब्रह्मनारायण शुक्ल, अनिल पाण्डेय, रवीन्द्र तिवारी, रमेश मिश्र, शरद श्रीवास्तव, सभाजीत वर्मा, अखिलेश प्रताप सिंह, रणविजय सिंह, अखिलेश पाण्डेय, कमलेश तिवारी, शेष मणि द्विवेदी, सुनील श्रीवास्तव, विवेकानन्द यादव, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, शुभम सिंह, सरिता त्रिपाठी, रामशिरोमणि पाण्डेय, आरती, श्रेया तिवारी, तृप्ति तिवारी और पूजा पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *