आज की ताजा खबर

बारिश में कच्ची कोठरी ढही, गर्भवती महिला मलबे में दबी

top-news

ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर मलबा हटाया, एंबुलेंस से अस्पताल भेजी गई महिला; जर्जर कच्चे मकान में रह रहा परिवार

आशीष द्विवेदी

बिल्हौर। लगातार हो रही बारिश ने संजती बादशाहपुर गांव में एक परिवार की मुश्किलें बढ़ा दीं। रविवार को बारिश के बीच एक कच्ची कोठरी की छत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय कोठरी में मौजूद गर्भवती महिला राखी मलबे में दब गई। छत गिरने से कोठरी का दरवाजा भी मिट्टी के मलबे में दबकर बंद हो गया। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दूसरे रास्ते से कोठरी में प्रवेश कर मिट्टी व मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने गर्भवती महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।


गांव निवासी रामनरेश शर्मा अपनी पत्नी दुलारी, तीन बेटों अखिलेश, अनिल और मनीष, दो बहुओं तथा तीन पौत्र-पौत्रियों के साथ रहते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक परिवार के मकान में केवल एक कमरा पक्का है, जबकि बाकी हिस्सा कच्चा और जर्जर है। कई दिनों से हो रही बारिश के कारण कच्ची कोठरी की हालत और खराब हो गई थी।

हादसे के वक्त कोठरी में अखिलेश की गर्भवती पत्नी राखी और अनिल की बेटी मौजूद थीं। अचानक छत गिरने से राखी मलबे की चपेट में आकर दब गई। गनीमत रही कि ग्रामीण समय रहते मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू कर उसे बाहर निकाल लिया।

आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से परिवार परेशान

ग्रामीणों ने बताया कि कच्चे और जर्जर मकान में तीनों बेटों के परिवार रह रहे हैं। परिवार का कहना है कि एक कमरा पक्का होने के कारण उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। जबकि मकान की अन्य कच्ची कोठरियां भी जर्जर हालत में हैं और लगातार बारिश के बीच उनके गिरने का खतरा बना हुआ है। एक कोठरी ढहने के बाद परिवार के सामने सुरक्षित रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए राजस्व टीम भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *