आज की ताजा खबर

लेफ्टिनेंट अमृत कुशवाहा का मथौली बाजार से पैतृक गांव तक हुआ भव्य स्वागत

top-news

भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पहली बार गांव पहुंचे अमृत, जगह-जगह फूल-मालाओं से हुआ अभिनंदन

मोहम्मद नईम

मथौली बाजार कुशीनगर। ग्राम सभा पुरैनी के टोला मुसाहरी निवासी अमृत सिंह कुशवाहा के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने और सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद एवं पैतृक गांव पहुंचने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा। मथौली बाजार से लेकर उनके पैतृक गांव तक जगह-जगह ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष राजेश राव के नेतृत्व में मथौली बाजार में लेफ्टिनेंट अमृत कुशवाहा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके बाद मथौली बाजार से ग्राम सभा पुरैनी के टोला मुसाहरी स्थित उनके पैतृक गांव तक स्वागत का सिलसिला जारी रहा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा पुष्प वर्षा कर अमृत कुशवाहा का स्वागत किया।


गांव के लाल की उपलब्धि पर गौरवान्वित हुए ग्रामीण

भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में अमृत कुशवाहा की उपलब्धि को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय सेना में अधिकारी के पद तक पहुंचना कठिन परिश्रम, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। अमृत की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।

स्वागत के दौरान भारत माता के जयकारों से वातावरण उत्साह और देशभक्ति से भर गया। बड़ी संख्या में युवाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और अमृत कुशवाहा से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प व्यक्त किया।

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं अमृत की सफलता

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष सिंह ने कहा कि अमृत कुशवाहा का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में चयन और सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व एवं गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अमृत की उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता से नई पीढ़ी में सेना और राष्ट्रसेवा के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने वाला युवा किसी भी मुकाम को हासिल कर सकता है। अमृत कुशवाहा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से इसका उदाहरण प्रस्तुत किया है।


फूल-मालाओं से किया अभिनंदन

मथौली बाजार से पैतृक गांव तक स्वागत के दौरान क्षेत्रवासियों ने अमृत कुशवाहा को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के इस लाल ने भारतीय सेना में अधिकारी बनकर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

ग्रामीणों ने लेफ्टिनेंट अमृत कुशवाहा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके सफल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही युवाओं से अमृत की सफलता से प्रेरणा लेकर शिक्षा, अनुशासन और मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।

ये लोग रहे मौजूद

स्वागत कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष सिंह, राजेश राव, कुलदीप सिंह, बृजेश कुशवाहा, पारस कुशवाहा, सचानंद कुशवाहा, काजू कुशवाहा, अमित मदेशिया, चुलबुल दुबे, मिंटू गिरी, दिवाकर, जुगनू सिंह, दीनदयाल सहित ग्रामसभा एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे।

समारोह के दौरान लोगों ने एक स्वर में कहा कि अमृत सिंह कुशवाहा की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *