आज की ताजा खबर

उधारी के 2500 रुपये बने हत्या की वजह, 36 घंटे में पुलिस ने किया वारदात का खुलासा

top-news

अजीतमल में युवक की हत्या का पर्दाफाश, सिर पर वांके से किए थे कई वार; आरोपी गिरफ्तार, आला-ए-कत्ल व मोबाइल बरामद

 रोहित अवस्थी

अजीतमल औरैया। थाना अजीतमल क्षेत्र में मूली के खेत में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया। थाना अजीतमल पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हत्या के आरोप में 19 वर्षीय रितिक कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का वांका, मृतक का मोबाइल फोन तथा खून से सनी टीशर्ट और हाफ लोवर बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हालेपुर गांव से करीब 500 मीटर दूर हालेपुर-एल्चीनगर मार्ग किनारे मूली के खेत में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही अजीतमल पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सुमित नारायण पुत्र अशोक कुमार निवासी हालेपुर, अजीतमल, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।


पांच टीमों ने शुरू की जांच

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले। 6 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने एल्चीनगर से हालेपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे से रितिक कुमार को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब छह माह पहले मृतक सुमित नारायण से 2500 रुपये उधार लिए थे। सुमित बार-बार रुपये वापस मांग रहा था, लेकिन रुपये नहीं होने के कारण वह रकम नहीं लौटा पा रहा था। आरोपी के अनुसार, इसी बात को लेकर सुमित उससे गाली-गलौज करता था और सार्वजनिक रूप से उसकी तथा परिवार की बेइज्जती करता था।

 बातचीत के बहाने खेत की ओर बुलाया

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि 4 सितंबर की शाम उसने सुमित को फोन कर खेतों की ओर बनी तलैया के पास बातचीत के लिए बुलाया। आरोपी अपने घर से लोहे का वांका हाफ लोवर की जेब में छिपाकर ले गया था। बातचीत के बाद जब सुमित घर लौटने लगा तो आरोपी ने पीछे से उसके सिर पर वांके से वार कर दिया। सुमित के भागने पर आरोपी ने पीछा कर दोबारा सिर पर वार किया। जमीन पर गिरने के बाद आरोपी ने उसके चेहरे, गर्दन और सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने मृतक की जेब से मोबाइल निकाल लिया और मोबाइल तथा वांके को घटनास्थल के पास झाड़ियों में छिपाकर वहां से फरार हो गया।

वांका, मोबाइल और खून से सने कपड़े बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से लोहे का वांका, मृतक का मोबाइल फोन, रक्तरंजित सफेद टीशर्ट और रक्तरंजित हाफ लोवर बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक कुमार पुत्र दीप सिंह पाल, निवासी ग्राम हालेपुर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया, उम्र 19 वर्ष के रूप में की है।

इनकी रही अहम भूमिका

हत्या के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक विनोद राजपूत थाना अजीतमल, प्रभारी सर्विलांस/स्वाट उपनिरीक्षक समित चौधरी मय टीम तथा कांस्टेबल रामप्रकाश और सुंदर की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 पूरी खबर देखने के लिए नीचे क्लिक करे

https://youtu.be/fuPw-Vou_TQ

LIKE,SHARE,SUBSCRIBE AND FOLLOW US

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *