आज की ताजा खबर

गुप्तारगंज में उमड़ा आस्था का सैलाब, कृष्णमय हुआ बाजार

top-news

जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन हजारों श्रद्धालुओं से गुलजार रहा मेला, हाईवे पर रेंगते रहे वाहन

सुशील मिश्रा

कूरेभार/सुलतानपुर अयोध्या-प्रयागराज हाईवे स्थित गुप्तारगंज बाजार रविवार रात जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन भी रोशनी से जगमगाता रहा। भगवान श्रीकृष्ण के आधा दर्जन भव्य पंडालों में देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक प्रस्तुतियां चलती रहीं।

मेले में उमड़ी भीड़ के बीच बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, जबकि श्रद्धालुओं ने पंडालों में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।


शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित गुप्तारगंज में पिछले 76 वर्षों से लगातार जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जा रहा है। राधे-कृष्ण फाउंडेशन समिति के मंत्री शुभम मिश्रा एडवोकेट ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं।

चौथे दिन सोमवार को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ महोत्सव का समापन होगा।

भीड़ का अनुमान लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए इस बार AI कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया। समिति के अनुसार, AI से मिले आंकड़ों के आधार पर मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची।

अयोध्या, अंबेडकरनगर, जौनपुर, सुलतानपुर और प्रतापगढ़ समेत विभिन्न जिलों से सैकड़ों दुकानदारों ने हाईवे की दोनों पटरियों पर दुकानें सजाईं। इससे सड़क पर जगह कम पड़ने से श्रद्धालुओं की भीड़ सड़कों पर दिखाई दी और हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।

यातायात व्यवस्था के तहत रात 12 बजे तक भारी वाहनों का रूट बदला गया।सुरक्षा के लिए कूरेभार के साथ धनपतगंज, बल्दीराय और हलियापुर थानों की पुलिस तैनात रही।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *