आज की ताजा खबर

अजीतमल के सांफर गांव में तालाब में मिला दो दिन से लापता वृद्ध का शव, परिजनों में मचा कोहराम

top-news

रोहित अवस्थी

अजीतमल, औरैया। कोतवाली क्षेत्र के सांफर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित तालाब में दो दिन से लापता 61 वर्षीय वृद्ध का शव उतराता मिला। शव दिखाई देने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पहचान होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

सांफर निवासी दया शंकर त्रिपाठी (61) पुत्र स्वर्गीय प्रभु दयाल रविवार शाम घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे।


मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 200 मीटर दूर तालाब में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान दया शंकर त्रिपाठी के रूप में होने पर परिजनों को सूचना दी गई।

सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राजपूत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बुजुर्ग की मौत तालाब में डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

दया शंकर त्रिपाठी की मौत की खबर मिलते ही पत्नी नीरज देवी और पुत्र संजय तिवारी व आशुतोष तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *