आज की ताजा खबर

कूरेभार के 96 वर्षीय वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दुखहरन तिवारी का निधन

top-news

करीब पांच दशक तक क्षेत्र में मरीजों की सेवा करने वाले लोकप्रिय चिकित्सक की मौत सुनकर अयोध्या में छोटे भाई का भी निधन—दोनों भाइयों का एक साथ होगा अंतिम संस्कार

सुशील मिश्रा

कूरेभार सुलतानपुर। कूरेभार कस्बे के 96 वर्षीय वयोवृद्ध एवं क्षेत्र के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दुखहरन तिवारी के निधन से कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे उन्होंने कूरेभार स्थित अपने निज आवास पर अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के सैकड़ों संभ्रांतजन, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचने लगे। देर तक शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।डॉ. दुखहरन तिवारी क्षेत्र के अत्यंत पुराने और लोकप्रिय चिकित्सकों में शुमार रहे।

उन्होंने करीब पांच दशक तक क्षेत्र में चिकित्सा सेवा के माध्यम से लोगों की सेवा की। ग्रामीण अंचल में चिकित्सा सुविधाएं सीमित होने के दौर में उन्होंने निस्वार्थ भाव से बड़ी संख्या में लोगों का उपचार किया। उनकी सहजता, व्यवहार और मरीजों के प्रति आत्मीयता के चलते क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी।

आसपास के गांवों के लोग भी उपचार के लिए उनके पास पहुंचते थे। उम्र के इस पड़ाव तक क्षेत्र के लोग उन्हें सम्मान और आत्मीयता से याद करते रहे।इसी बीच उनके निधन की खबर के साथ एक और हृदयविदारक घटना सामने आई।

बताया गया कि डॉ. दुखहरन तिवारी के छोटे भाई श्री नेत्र तिवारी, जो अयोध्या जनपद में रहकर निजी क्लीनिक चलाते थे, भाई के निधन की सूचना पाकर कूरेभार आने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी भी सांसें थम गईं।

दोनों भाइयों के एक ही दिन निधन की खबर से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा कस्बा स्तब्ध रह गया।मृतक डॉ. दुखहरन तिवारी के नाती डॉ. आनंद तिवारी ने बताया कि अयोध्या निवासी बाबा श्री नेत्र तिवारी भी जीवनभर लोगों की सेवा में लगे रहे और निजी क्लीनिक के माध्यम से चिकित्सा सेवा करते थे।

वहीं, डॉ. दुखहरन तिवारी के पुत्र डॉ. रमेश तिवारी ने बताया कि दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार अयोध्या में एक साथ किया जाएगा।दोनों भाइयों के निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है। लोग उनके सेवाभाव और सरल व्यक्तित्व को याद कर भावुक नजर आए।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *