आज की ताजा खबर

विविधीकरण को बढ़ावा देकर अधिक लोगों को ऋण योजनाओं से जोड़ें: डीपीएस राठौर

top-news

जिला सहकारी बैंक की समीक्षा बैठक में ऋण वितरण, एनपीए वसूली और व्यवसाय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री युवा ऋण, मत्स्य पालन और पशुपालन योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार करने के निर्देश

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, शाहजहांपुर में बैंक के महत्वपूर्ण बिंदुओं, ऋण वितरण, एनपीए वसूली, ऋण व्यवसाय और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता डॉ. गणेश गुप्ता सहित बैंक के अधिकारी और शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।

बैठक में अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि सहकारी बैंक का उद्देश्य केवल पारंपरिक ऋण वितरण तक सीमित नहीं होना चाहिए। बैंक के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक वर्गों को स्वरोजगार और आयवर्धन की गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने विविधीकरण पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री युवा ऋण योजना, मत्स्य पालन, पशुपालन, कृषि और अन्य स्वरोजगार आधारित ऋण योजनाओं को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को ऋण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें समयबद्ध तरीके से बैंकिंग सुविधा का लाभ दिया जाए। इससे स्वरोजगार के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकेंगे।


एनपीए नियंत्रित करने और बड़े बकायेदारों से वसूली पर जोर

डीपीएस राठौर ने बैंक की ऋण वसूली बढ़ाने और एनपीए को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाए और नियमानुसार प्रभावी वसूली कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शाखावार वसूली की नियमित समीक्षा करने के साथ लंबे समय से बकाया खातों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता डॉ. गणेश गुप्ता ने कहा कि सहकारी बैंक की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने शाखा प्रबंधकों से योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ ऋण वितरण में गुणवत्ता और ऋण वसूली पर समान रूप से ध्यान देने का आह्वान किया।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी ने शाखावार ऋण वितरण, वसूली और एनपीए की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए नए ऋण व्यवसाय में वृद्धि के साथ समयबद्ध ऋण वसूली भी जरूरी है। मुख्यमंत्री युवा ऋण, मत्स्य पालन, पशुपालन सहित अन्य विविधीकृत ऋण योजनाओं में अधिक से अधिक पात्र आवेदकों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में ऋण वितरण, एनपीए वसूली, बड़े बकायेदारों से वसूली, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य पालन एवं पशुपालन ऋण, समितियों की वित्तीय स्थिति और बैंक की विभिन्न योजनाओं की प्रगति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों को ग्राहक सेवा में सुधार, ऋण व्यवसाय में वृद्धि और वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपमहाप्रबंधक शकील अहमद, राजेश कुशवाहा, शाखा प्रबंधक कुलदीप सिंह, ओम वीर सिंह, प्रशांत श्रीवास्तव, भरत गौतम, जेएल मौर्य, मनोज यादव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *