आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का सम्मान, डीएम ने दिए प्रशस्ति पत्र

top-news

नवीन सभागार में मुख्यमंत्री के आंगनबाड़ी सम्मान सम्मेलन का हुआ सजीव प्रसारण

डीएम ने कहा- कुपोषण और एनीमिया खत्म करने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अहम

सुशील चंद्र मिश्र 

सुलतानपुर। कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में रविवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह और उपजिलाधिकारी गरिमा सोनाकिया मौजूद रहीं। इस दौरान अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान सम्मेलन में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सीडीपीओ द्वारा जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और उपजिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद अधिकारियों ने गोद भराई कार्यक्रम में भाग लिया और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया।

मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने सरकार की ओर से उनके हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और मानदेय में वृद्धि को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की।


इसके बाद जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं सुमन मौर्य, सुनीता चौधरी, शीला देवी, मंजू, अमीना खातून, विमला पाण्डेय, सुशीला, संगीता, सोना देवी और अंजली गुप्ता आदि को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में उत्साह देखने को मिला।

जिलाधिकारी ने कहा कि समाज के विकास में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में उनके द्वारा किए गए जनसेवा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी का काम कर रही हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में की गई वृद्धि पर सभी को बधाई दी। डीएम ने कहा कि कार्य के दौरान किसी भी तरह की समस्या होने पर संबंधित सचिव को अवगत कराया जाए, ताकि उसका समयबद्ध और प्रभावी समाधान कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद से कुपोषण और एनीमिया जैसी गंभीर समस्याओं को खत्म करने के लिए सभी को मिलकर प्रभावी प्रयास करने होंगे। बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान देकर उनके बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही बताया कि जल्द ही उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा, जिससे वे अपने दायित्वों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।

कार्यक्रम में सीआरओ, सीडीपीओ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं। अंत में सीडीपीओ ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *