आज की ताजा खबर

सांसद व विधायक द्वारा 15 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया सम्मानित

top-news

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के उत्कृष्ट कार्य तथा लाभार्थियों की उपलब्धियों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पूर्ण मनोयोग से कार्य करने के लिए किया प्रेरित

मोहम्मद नईम

कुशीनगर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में आज कलेक्ट्रेट सभागार में  आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों तथा सैम/मैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में स्वस्थ होकर पहुंचे बच्चों को सम्मानित करने हेतु सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुशीनगर सांसद  विजय कुमार दूबे रहे।विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सदर पडरौना  मनीष जायसवाल व तमकुहीराज असीम कुमार राय, जिपं अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल तथा पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य  फूलबदन कुशवाहा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, सीडीओ, डीपीओ, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारी एवं लगभग 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मा. मुख्यमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं द्वारा देखा एवं सुना गया।

मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन के उपरांत जनपद स्तर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सांसद एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के 15 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सैम/मैम श्रेणी से स्वस्थ होकर सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चे तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थी शामिल रहे। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित 12 लाभार्थियों को भी प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए  सांसद एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पूर्ण मनोयोग, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ कार्य करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक ग्राम स्तर पर पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

 

जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में की गई वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे ग्राम स्तर पर महिला शक्ति के रूप में कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मनोबल बढ़ेगा तथा वे और अधिक उत्साह एवं ऊर्जा के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शासन की योजनाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से कुपोषण उन्मूलन, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य तथा बाल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिसके उपरांत समारोह का समापन हुआ।

उल्लेखनीय है कि जनपद के समस्त तहसील मुख्यालयों पर भी सम्मान समारोह आयोजित किए गए, जहां शासन स्तर से नामित जनप्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। सभी तहसीलों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सैम/मैम श्रेणी से स्वस्थ होकर सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चों तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस प्रकार जनपद में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ लाभार्थियों की उपलब्धियों को भी सम्मानित किया गया।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *