आज की ताजा खबर

मुर्चा में कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला 18 वर्षीय युवती का शव, मचा हड़कंप

top-news

मां ने देखा तो मची चीख-पुकार, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

रोहित अवस्थी

बिधूना औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुर्चा में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्षीय युवती का शव घर के अंदर कमरे में साड़ी के सहारे पंखे की कुंडी से लटका मिला। युवती के शव को देखकर मां की चीख निकल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया।

गांव निवासी रामविलास की 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान उर्फ सुंदरी मंगलवार शाम करीब चार बजे घर के अंदर कमरे में थी। परिजनों के अनुसार, घटना के समय उसकी मां सुनम देवी घर की छत पर काम कर रही थीं, जबकि पिता बकरियां लेकर खेत की ओर गए थे। उसका भाई भी घर पर मौजूद नहीं था।

करीब चार बजे मां छत से नीचे आईं तो कमरे में बेटी को साड़ी के सहारे पंखे की कुंडी से लटका देखा। यह देखते ही उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया।

परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे और आसपास रखे सामान की जांच की। परिस्थितियों की पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि युवती के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को फंदे से उतारकर पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *