आज की ताजा खबर

सीतापुर में चार करोड़ की नजूल भूमि से अवैध कब्जा हटाया

top-news

हटौरा में 40 हजार वर्गफीट सरकारी जमीन पर टिन शेड और बाउंड्री बनाकर किया गया था कब्जा

15 दिन का समय पूरा होने पर राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

पीयूष शुक्ला

सीतापुर। खैराबाद के हटौरा क्षेत्र में करीब चार करोड़ रुपये कीमत की नजूल भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बनाए गए टिन शेड और अस्थायी बाउंड्री वॉल को हटाया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित कब्जेदार को पहले अपना पक्ष रखने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था।

नगर पालिका के मुताबिक वार्ड संख्या-6 हटौरा में नजूल भूखंड संख्या 1007, 1008, 1009, 1010, 1011 और 1017 सरकारी अभिलेखों में नजूल सरकार के रूप में दर्ज हैं। इन भूखंडों का कुल क्षेत्रफल करीब 40 हजार वर्गफीट बताया गया है। भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब चार करोड़ रुपये है और यह राज्य सरकार के स्वामित्व में दर्ज है।

इन भूखंडों पर अहमद हसन पुत्र जुम्मन, निवासी मोहल्ला हटौरा, खैराबाद द्वारा टिन शेड और अस्थायी बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा किए जाने की बात सामने आई थी। नगर पालिका की ओर से संबंधित व्यक्ति को कब्जे के समर्थन में स्वामित्व संबंधी अभिलेख और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। निर्धारित अवधि में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद नजूल और राजस्व अभिलेखों के साथ मौके के निरीक्षण के आधार पर कब्जे को अवैध माना गया।

इसके बाद संबंधित कब्जेदार को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। अवधि समाप्त होने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। मंगलवार को संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार अतिक्रमण हटाकर नजूल भूमि को कब्जामुक्त कराया।

जर्जर चार दुकानों को भी ढहाया

इसी कार्रवाई के दौरान महेन्द्र टोला में सीतापुर-बिसवां रोड किनारे नगर पालिका की स्वामित्व वाली चार बेहद जर्जर दुकानों को भी ध्वस्त कराया गया। अधिकारियों के अनुसार इन दुकानों की हालत ऐसी थी कि उनसे हादसे की आशंका बनी हुई थी। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार इन्हें हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सदर बलवंत सिंह, अधिशासी अधिकारी प्रेम शंकर गुप्ता, राजस्व निरीक्षक अवधेश पांडेय और सफाई निरीक्षक मनोज कुमार राणा समेत राजस्व, नगर पालिका और पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही। नगर पालिका ने कहा कि सरकारी और नजूल भूमि पर अवैध कब्जे तथा जनसुरक्षा के लिए खतरा बनी जर्जर संरचनाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *