आज की ताजा खबर

राष्ट्रीय लोक अदालत में लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर, गोल्डन कार्ड से दिव्यांग प्रमाणपत्र तक मिलेंगी सेवाएं

top-news

12 सितंबर को कचहरी परिसर में सुबह नौ बजे से शुरू होगा शिविर

स्वास्थ्य विभाग के साथ रेड क्रॉस करेगी सहयोग, पात्र लोगों को योजनाओं का मिलेगा लाभ

शाहजहांपुर। राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर 12 सितंबर को कचहरी प्रांगण में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। सुबह नौ बजे से शुरू होने वाले शिविर में पात्र लोगों को आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र समेत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर शिविर में सहयोग करेगी।

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह शिविर लगाया जा रहा है। इसमें पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाए और वितरित किए जाएंगे। दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने एवं वितरण की सुविधा के साथ नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी बीमा योजनाओं की जानकारी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।


शिविर की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यालय में बैठक हुई। शिविर के नोडल अधिकारी एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सिंह ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम मौके पर मौजूद रहेगी। टीम पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी करेगी।

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि मानव सेवा संस्था का मूल उद्देश्य है। राष्ट्रीय लोक अदालत जैसे जनहित के आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक में रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य अवनीश सक्सेना, ओम दिव्यांग जन कल्याण समिति के प्रतिनिधि बाल किशन पांडेय, बृजेश गुप्ता, रामस्वरूप गुप्ता, रामकुमार और बिमला देवी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अधिक से अधिक पात्र और जरूरतमंद लोगों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने पात्र लाभार्थियों से 12 सितंबर को सुबह नौ बजे कचहरी प्रांगण पहुंचकर शिविर में उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *