आज की ताजा खबर

सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा ने 2027 की तैयारियों को दी धार

top-news

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 12 प्रमुख कार्यक्रमों से हर वर्ग तक पहुंचने की तैयारी

भाजपा कानपुर उत्तर की कार्यशाला में संगठन और सरकार के समन्वय पर जोर, शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं को दिया रोडमैप

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा कानपुर उत्तर की कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इसे व्यापक जनसंपर्क अभियान बनाने का आह्वान किया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

80 फीट रोड स्थित सम्राट गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में शंकर लाल लोधी ने कहा कि सरकार और संगठन के समन्वय से अभियान के कार्यक्रमों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।


अभियान के तहत 12 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और ‘कहानी बदलाव की’ के तहत प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 10 लाभार्थियों की रील तैयार करना शामिल है।

इसके अलावा ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सरकार आपके द्वार’, मानव रंगोली और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी होंगे। पार्टी की योजना इन गतिविधियों के जरिए बच्चों, महिलाओं, युवाओं, लाभार्थियों और आम नागरिकों तक पहुंच बनाने की है।

बूथ और शक्ति केंद्र स्तर तक पहुंच बढ़ाने की तैयारी

कार्यशाला में बताया गया कि अभियान के दौरान लाभार्थियों की रील, नुक्कड़ नाटक, यात्राओं और जनभागीदारी वाले कार्यक्रमों के जरिए सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने और हर वर्ग के साथ संवाद बढ़ाने को कहा।

अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा ने कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने प्रस्तावना प्रस्तुत की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष शिवांग मिश्रा ने किया। जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने आभार जताया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम् के गायन से हुई। कार्यशाला में एमएलसी सलिल बिश्नोई, पूनम कपूर, अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा समेत पार्टी के पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *