आज की ताजा खबर

भाजपा की मैराथन बैठक में संगठन को धार देने की रणनीति, विधानसभा प्रवास करेंगे क्षेत्रीय पदाधिकारी

top-news

सामाजिक और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जमीनी स्थिति का लेंगे फीडबैक

सातों मोर्चों को सक्रिय करने की जिम्मेदारी तय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए प्रभारी

अरविन्द पाण्डेय

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र ने संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की है। क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित मैराथन बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन हुआ। बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि संगठन की गतिविधियां केवल बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि पदाधिकारी सीधे विधानसभा और बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करें।

बैठक में विधानसभा प्रवास और संपर्क-संवाद अभियान को विशेष प्राथमिकता दी गई। शंकर लाल लोधी ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्रीय पदाधिकारी विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर संगठन की जमीनी स्थिति को समझे और कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क बनाए। प्रवास के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद करने के साथ पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं से भी नियमित संपर्क किया जाए।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता संगठन की ताकत और अनुभव की बड़ी पूंजी हैं। उनके अनुभव और सुझावों को आगामी संगठनात्मक रणनीति में शामिल किया जाना जरूरी है। क्षेत्रीय पदाधिकारी प्रवास के दौरान संगठन की गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ स्थानीय समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं को भी समझेंगे।


सात मोर्चों को मिली जिम्मेदारी

क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने बैठक में सभी मोर्चों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की पहुंच बढ़ाने में मोर्चों की भूमिका अहम है। इसी उद्देश्य से सातों मोर्चों के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्षों को प्रभारी नियुक्त किया गया।

मोर्चावार जिम्मेदारी के तहत युवा मोर्चा का प्रभारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित समाधिया, महिला मोर्चा का प्रभारी नीतू सिंह, पिछड़ा मोर्चा का प्रभारी नरेंद्र राजपूत, अनुसूचित मोर्चा का प्रभारी आशीष कोल, अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी भुवन प्रकाश गुप्ता, किसान मोर्चा का प्रभारी अशोक राजपूत और जनजाति मोर्चा का प्रभारी अखिलेश नाथ दीक्षित को बनाया गया।

राम किशोर साहू ने नवनियुक्त प्रभारियों को संबंधित मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोर्चे अपने-अपने सामाजिक वर्गों के बीच पहुंच बढ़ाएं और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं।

कार्यालय से निकलकर मैदान में उतरेंगे पदाधिकारी

बैठक में स्पष्ट किया गया कि विधानसभा प्रवास महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। क्षेत्रीय पदाधिकारी मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन की स्थिति और स्थानीय चुनौतियों की जानकारी लेंगे। जहां संगठनात्मक स्तर पर कमी मिलेगी, वहां स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

संपर्क-संवाद को संगठन की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया गया। सामाजिक कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संवाद के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, राजेश पटेल, शिव सिंह भारती, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी सहित अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बैठक की जानकारी दी।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *