आज की ताजा खबर

इटावा पुलिस की बड़ी सफलता, 100 गुम मोबाइल बरामद; 20 लाख के फोन वास्तविक मालिकों को सौंपे

top-news

सर्विलांस और एसओजी टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से अलग-अलग स्थानों से बरामद किए मोबाइल

एसएसपी ने मोबाइल स्वामियों को सौंपे फोन, वापस पाकर खिले चेहरे 

अमित कुमार 

इटावा। गुम या खो चुके मोबाइल फोन की तलाश में इटावा पुलिस की सर्विलांस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने विभिन्न कंपनियों के 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने पुलिस और एसएसपी का आभार जताते हुए कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, मोबाइल गुम होने के बाद लोगों ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की ओर से संचालित CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अलावा यूपी कॉप एप पर Lost Article Report दर्ज कराने के साथ एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिए गए थे।


शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने सर्विलांस टीम को गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद सर्विलांस और एसओजी टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 100 मोबाइल फोन बरामद किए।

बरामद मोबाइल में वीवो के 27, ओप्पो के 16, रियलमी के 16, सैमसंग के 14, रेडमी के 7, मोटोरोला के 6, इनफिनिक्स के 3, पोको के 3, वनप्लस के 3, आईक्यू के 2, लावा के 2 और टेक्नो का एक मोबाइल शामिल है। इस तरह कुल 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई में निरीक्षक अतुल कुमार सिंह, प्रभारी सर्विलांस, उपनिरीक्षक बेचन कुमार सिंह, प्रभारी एसओजी सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के मुताबिक CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर गुम मोबाइल फोन की तलाश आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस ने बताया कि मोबाइल गुम होने के बाद CEIR पोर्टल पर उसके IMEI नंबर के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज कराने से फोन को ट्रेस करने और ब्लॉक कराने में मदद मिलती है। इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *