आज की ताजा खबर

रहस्यमय ढंग से गायब युवक रेलवे ट्रैक किनारे मिला, अपहरण की आशंका

top-news

घास काटने के दौरान 8 सितंबर को हुआ था लापता, परसरामपुर के पास ग्रामीणों ने देखा

बनारस ले जाकर बंधक बनाने का युवक ने लगाया आरोप, जेब से मिला वाराणसी-लंभुआ का रेलवे टिकट

सुशील मिश्रा

लंभुआ, सुलतानपुर। कोतवाली लंभुआ क्षेत्र के शाहपुर हरिवंश गांव निवासी 36 वर्षीय अनिल निषाद उर्फ पप्पू के रहस्यमय ढंग से गायब होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बुधवार को युवक परसरामपुर के पास रेलवे लाइन किनारे पैदल जाता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले आई।

अनिल के पिता पारसनाथ निषाद ने बताया कि उनका बेटा 8 सितंबर को खेत में घास काटने गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। इस पर लंभुआ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस के अनुसार, थाने पहुंचे अनिल ने आरोप लगाया कि खेत से घास काटने के दौरान कुछ अज्ञात लोग उसे जबरन अपने साथ बनारस ले गए और वहां बंधक बनाकर रखा।

मौका मिलने पर वह वहां से भाग निकला और ट्रेन से लंभुआ पहुंचा। इसके बाद रेलवे पटरी के सहारे पैदल परसरामपुर की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से वाराणसी से लंभुआ तक का रेलवे टिकट भी मिला है।

फिलहाल पुलिस युवक का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ उसके बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अपहरण और मानव तस्करी समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

 

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *