आज की ताजा खबर

नहर में मिला महिला व नवजात का शव

top-news

पिता ने पति और ससुर पर लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप

जनवरी माह में गांव के ही युवक से युवती ने किया था प्रेम विवाह  

सुशील मिश्रा

बल्दीराय, सुलतानपुर। छह सितंबर को अचानक लापता हुई आठ माह की गर्भवती युवती का शव बुधवार को शारदा सहायक खंड-16 नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। इसी नहर में युवती के शव से करीब एक किलोमीटर दूर एक नवजात का शव भी बरामद हुआ। दोनों शव मिलने के बाद घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर पति और ससुर पर मारपीट कर हत्या करने तथा शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में मृतका के पिता जगजीवन पुत्र राम प्रसाद निवासी बीही निदूरा ने बताया कि उनकी बेटी मनीषा (24) को 25 जनवरी 2026 को गांव के ही अखिलेश कुमार उर्फ किषुन पुत्र देवराज बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इसके बाद दोनों के साथ रहने की बात सामने आई। अखिलेश युवती को लेकर गैर प्रांत चला गया था, जहां दोनों ने कोर्ट मैरिज की। कुछ समय बाद दोनों क्षेत्र में लौट आए। इसके बाद अखिलेष पत्नी मनीषा को लेकर बल्दीराय थाना क्षेत्र के मिझूठी पूरे पांडेय महादेवन में अपनी मौसी (प्रदीप) के घर रहने लगा था। पिता के मुताबिक वह करीब आठ माह की गर्भवती थी। बताया जाता है कि, छह सितंबर को युवती अचानक लापता हो गई। अखिलेष के पिता ने बल्दीराय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस और परिवार उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार सुबह नरसिंहपुर मजरे डीह के पास शारदा सहायक खंड-16 नहर में ग्रामीणों ने एक महिला का शव बहते देखा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी आशुतोष भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को नहर से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई गई तो वह छह सितंबर से लापता युवती का निकला।


करीब एक किलोमीटर दूर मिला नवजात

इसी दौरान बीही निदूरा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के ओवरब्रिज के नीचे नहर में एक नवजात का शव भी बरामद हुआ। दोनों शवों के अलग-अलग स्थानों पर मिलने और मृतका के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। नवजात का जन्म कब और किन परिस्थितियों में हुआ? उसकी मौत कैसे हुई? नवजात का शव नहर में कैसे पहुंचा? युवती और नवजात की मौत के बीच क्या संबंध है? इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

पिता ने पति-ससुर पर लगाया हत्या का आरोप

मृतका के पिता ने नई तहरीर देकर आरोप लगाया है कि छह सितंबर को अखिलेश कुमार और उसके पिता देवराज ने मिलकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को शारदा सहायक नहर में फेंक दिया गया। हालांकि तहरीर में लगाए गए आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है। पिता के मुताबिक बेटी की शादी पहले कहीं और तय थी और परिवार ने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। इसी दौरान वह अखिलेश के साथ घर से चली गई थी।

मौत की वजह पोस्टमार्टम से होगी स्पष्ट

थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *