आज की ताजा खबर

सैदखानपुर स्कूल में पानी भरने से बच्चों को परेशानी

top-news

81 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई और खेलकूद पर असर, जहरीले जंतुओं का खतरा; शिकायत के बाद भी समाधान नहीं

सुशील मिश्रा

कूरेभार सुल्तानपुर l कूरेभार शिक्षा क्षेत्र के सैदखानपुर न्याय पंचायत के सैलखा गांव में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय सैदखानपुर में पानी भरने से बच्चों और शिक्षकों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के बाद स्कूल परिसर में पानी जमा हो जाता है।

इससे बच्चों को आने-जाने और पढ़ाई व खेलकूद की गतिविधियों में दिक्कत होती है। इस स्कूल में अभी कुल 81 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं।स्कूल परिसर में लंबे समय से पानी निकालने की सही व्यवस्था नहीं है, जिस वजह से बारिश का पानी जमा हो जाता है।


पानी भरने के साथ परिसर में घास-फूंस भी उग आई है। इससे जहरीले जीव-जंतु निकलने लगे हैं और मच्छर से होने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

स्कूल के प्रधानाध्यापक रवि त्रिपाठी ने बताया कि पानी भरने की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से लेकर कूरेभार के खंड शिक्षा कार्यालय तक शिकायत की जा चुकी है। हालांकि, समस्या अभी भी बनी हुई है। पानी भरने के कारण बच्चों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है।

सैदखानपुर के ग्राम प्रशासक राजेंद्र कुमार पिंटू ने बताया कि जेसीबी लगाकर पानी निकालने की कोशिश की गई थी। लेकिन, यह समस्या लंबे समय से है। रेलवे पुल के मुकाबले स्कूल नीचे होने के कारण बारिश का पानी यहां जमा हो जाता है। इस समस्या के बारे में हल्का लेखपाल को भी बताया गया है।

लेखपाल ने भी स्कूल में पानी भरने की जानकारी बड़े अधिकारियों को दी है।वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी उदय राज मौर्य ने कहा कि बारिश का मौसम होने से स्कूल परिसर में पानी भर गया होगा। जहां भी परेशानी है, वहां ग्राम प्रशासकों के जरिए समस्या का समाधान कराया जा रहा है।

 


पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *