आज की ताजा खबर

बल्दीराय में 112 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा

top-news

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के महुली अंडरपास पर बाइक मोड़कर भागने की कोशिश, तलाशी में मिली स्मैक

अनुराग दुबे पर पहले से NDPS समेत छह मुकदमे, आजाद तिवारी पर तीन मामले दर्ज

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बल्दीराय पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 112 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से जा रहे थे और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास कर रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें स्मैक बरामद हुई।

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी बल्दीराय के पर्यवेक्षण में थाना बल्दीराय की पुलिस टीम 9 सितंबर 2026 की रात पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के महुली अंडरपास पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान जग्गी बाबा कुटी की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर दोनों ने मोटरसाइकिल पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों को रोककर पूछताछ और जामा तलाशी ली।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अनुराग दुबे पुत्र स्वर्गीय शिवानन्द दुबे, निवासी ग्राम सुखबड़ेरी मोड़, मजरे बहुरावां, थाना बल्दीराय, सुलतानपुर और आजाद तिवारी पुत्र दिनेश तिवारी, निवासी लादी तिवारी का पुरवा, मजरे समरथपुर, थाना बल्दीराय, सुलतानपुर के रूप में बताई।

पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान अनुराग दुबे के कब्जे से 62 ग्राम और आजाद तिवारी के कब्जे से 50 ग्राम, यानी कुल 112 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। दोनों को 9 सितंबर की रात ही मौके से बरामदगी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में 10 सितंबर 2026 को थाना बल्दीराय में मु0अ0सं0 189/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अनुराग दुबे पर छह, आजाद तिवारी पर तीन मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार अनुराग दुबे के खिलाफ बल्दीराय थाने में वर्ष 2023 में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना तारुन अयोध्या, कुमारगंज अयोध्या और कैंट अयोध्या में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कुमारगंज थाने में आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है। वर्तमान में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे को मिलाकर अनुराग के खिलाफ कुल छह मामले बताए गए हैं।

वहीं, आजाद तिवारी के खिलाफ थाना बल्दीराय में वर्ष 2023 में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना कैंट अयोध्या में वर्ष 2026 का एक मुकदमा दर्ज है। वर्तमान एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे को मिलाकर उसके खिलाफ कुल तीन मामले बताए गए हैं।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में बल्दीराय थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अब्दुल कादिर खान, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक राजदेव यादव, कांस्टेबल अभिषेक यादव और कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

पुलिस ने बरामद स्मैक को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *