आज की ताजा खबर

बीएल संतोष का दो दिवसीय कानपुर प्रवास 12-13 सितंबर को, बूथ से प्रदेश स्तर तक संगठन की होगी समीक्षा

top-news

कानपुर क्लस्टर के आठ जिलों की तैयारियों पर मंथन, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को देंगे चुनावी मंत्र

बूथ अध्यक्षों, मंडल-जिला पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ होंगी श्रेणीबद्ध बैठकें

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष 12 और 13 सितंबर को दो दिवसीय कानपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह कानपुर क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।

कानपुर क्लस्टर में कानपुर महानगर उत्तर, कानपुर महानगर दक्षिण, कानपुर ग्रामीण, कानपुर देहात, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद और औरैया शामिल हैं। प्रवास के दौरान संगठन के विभिन्न स्तरों की श्रेणीबद्ध बैठकों के जरिए बूथ से लेकर क्षेत्रीय संगठन तक की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।


राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रवास को लेकर तैयारियां तेज

बीएल संतोष के कानपुर प्रवास को लेकर भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। गुरुवार को भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू की अध्यक्षता में तैयारी बैठक हुई। इसमें प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों, बैठक व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बैठकें निर्धारित समय पर व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से संपन्न हों। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।


बूथ अध्यक्षों से लेकर सांसद-विधायकों तक संवाद

दो दिवसीय प्रवास के दौरान बीएल संतोष संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग श्रेणीबद्ध बैठकों में संवाद करेंगे। प्रस्तावित बैठकों में गोविंद नगर विधानसभा के बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी और क्षेत्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे।

इसके अलावा सांसदों, राज्यसभा सदस्यों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ भी अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होने की संभावना है।


गोविंद नगर के बूथ अध्यक्षों को देंगे दिशा

प्रवास के दौरान गोविंद नगर विधानसभा के बूथ अध्यक्षों की बैठक विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहेगी। बीएल संतोष इस बैठक को संबोधित करेंगे। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, बूथ समितियों को सक्रिय रखने और आगामी चुनाव की जमीनी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा देने की तैयारी है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस प्रवास को संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रेणीबद्ध बैठकों के माध्यम से राष्ट्रीय नेतृत्व और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास होगा। साथ ही अब तक चलाए गए संगठनात्मक अभियानों की समीक्षा और आगामी अभियानों व कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं।

आठ जिलों के संगठन को मिलेगा राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन

कानपुर क्लस्टर में शामिल आठ जिलों के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा बीएल संतोष के प्रवास का प्रमुख केंद्र रहेगी। बूथ से लेकर जिला, क्षेत्रीय संगठन और जनप्रतिनिधियों तक अलग-अलग स्तर पर होने वाली बैठकों के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को और धार देने पर मंथन होगा।

क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि राष्ट्रीय महामंत्री संगठन का कानपुर प्रवास संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूती से काम कर रहा है और राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतारा जाएगा।

तैयारी बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, आनंद सिंह, शिव सिंह भारती और राजेश पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, पवन प्रताप सिंह और अमित समाधिया, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह और उपेंद्र पासवान सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *