आज की ताजा खबर

ग्राहक सेवा केंद्र संचालक दो भाइयों पर हमला, 10 लाख रुपये लूटने का आरोप

top-news

पुसौली गांव के पास कार सवार चार युवकों ने बाइक में मारी टक्कर, लाठी-डंडों से पीटने का आरोप

पुलिस ने शुरू की जांच, सीओ बोले- कैश रजिस्टर से मिलान कर लूट के आरोप की होगी पुष्टि

रोहित अवस्थी 

बिधूना, औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव के पास गुरुवार रात ग्राहक सेवा केंद्र संचालक दो भाइयों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि कार सवार चार युवकों ने पहले उनकी बाइक में टक्कर मारी और इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट की। इसी दौरान करीब 10 लाख रुपये नकदी से भरा बैग छीनकर आरोपी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुसौली गांव निवासी देवेंद्र कुमार उर्फ शिवम और उनके भाई भूपेंद्र बंथरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक की मिनी शाखा ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। भूपेंद्र के मुताबिक, गुरुवार रात करीब आठ बजे दोनों भाई ग्राहक सेवा केंद्र बंद करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।

आरोप है कि बंथरा बाजार में भी कार सवार युवकों ने उन्हें घेरने का प्रयास किया, लेकिन वहां भीड़ होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद दोनों भाई बाइक से पुसौली गांव की ओर बढ़े।


सुनसान रास्ते पर बाइक में मारी टक्कर

पीड़ितों के मुताबिक, पुसौली गांव के पास सुनसान रास्ते पर पीछे से आई कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद कार से चार युवक बाहर निकले और दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों में दो युवक उनके ही गांव के रहने वाले हैं और पूर्व में भी उनके साथ गाली-गलौज कर चुके हैं। मारपीट के दौरान दोनों भाइयों ने शोर मचाया। आसपास के लोगों को मौके की ओर आता देख आरोपी कथित तौर पर रुपयों से भरा बैग लेकर कार से फरार हो गए।

पीड़ितों ने बैग में करीब 10 लाख रुपये की नकदी होने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल शिवम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया।


पुलिस जमीन विवाद और लूट के आरोप दोनों की कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलने पर सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्रा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई।

सीओ पी. पुनीत मिश्रा के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद चल रहा है। गुरुवार को मारपीट की घटना हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।

सीओ ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र के पैसों से भरा बैग छीनने के आरोप की भी जांच की जाएगी। इसके लिए ग्राहक सेवा केंद्र के कैश रजिस्टर में दर्ज रकम का मिलान कराया जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि ग्राहक सेवा केंद्र की रकम वास्तव में बैग में थी या नहीं और घटना में लूट का आरोप कितना सही है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *