आज की ताजा खबर

कूरेभार में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर

top-news

अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर जोगीवीर मोड़ के पास हादसा, अज्ञात वाहन से टकराई बाइक

गंभीर घायल युवक मेडिकल कॉलेज रेफर, सीसीटीवी के जरिए अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

सुशील मिश्रा

कूरेभार, सुलतानपुर। कूरेभार थाना क्षेत्र में अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कूरेभार में प्राथमिक उपचार के बाद सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अयोध्या जनपद के चोरे बाजार निवासी नाटू (26) पुत्र इब्राहीम और हिमांशु यादव (26) पुत्र केशवराम यादव गुरुवार रात बाइक से कूरेभार से चोरे बाजार की ओर जा रहे थे। जोगीवीर गांव के मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में नाटू को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी कूरेभार लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने नाटू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु यादव को प्राथमिक उपचार के बाद सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही कूरेभार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई।

पुलिस ने हादसे के बाद अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस अन्य माध्यमों से भी वाहन और उसके चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

हादसे की खबर से परिवार में मचा कोहराम

सड़क हादसे में नाटू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल हिमांशु के इलाज को लेकर परिजन चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अज्ञात वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *