आज की ताजा खबर

सुलतानपुर में मनचलों पर शिकंजा कसने की नई रणनीति, हॉटस्पॉट मैपिंग के साथ मिलेगा रेड कार्ड

top-news

मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में एंटी रोमियो स्क्वाड को बनाया जाएगा और प्रभावी, छात्राओं से लिया जा रहा फीडबैक

कादीपुर और कूरेभार में छात्राओं से संवाद, हेल्पलाइन नंबरों के साथ साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

सुशील मिश्रा

सुलतानपुर। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण देने के उद्देश्य से सुलतानपुर पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण में नई पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में एंटी रोमियो स्क्वाड को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अब छात्राओं और महिलाओं से सीधे फीडबैक लेकर संवेदनशील स्थानों की हॉटस्पॉट मैपिंग की जाएगी। इन स्थानों पर मनचलों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई बढ़ाई जाएगी।

पुलिस के अनुसार, एंटी रोमियो टीमें स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी केंद्र, पार्क, मॉल और प्रमुख बाजारों में पहुंचकर छात्राओं एवं महिलाओं से फीडबैक फॉर्म भरवा रही हैं। इसमें उन स्थानों की जानकारी ली जा रही है जहां मनचलों का जमावड़ा रहता है या छात्राओं से छींटाकशी और अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आती हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर थाना क्षेत्रवार संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया जाएगा।


दोबारा हरकत पर होगी कड़ी कार्रवाई

चिह्नित हॉटस्पॉट पर एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। पुलिस के मुताबिक महिलाओं और छात्राओं पर छींटाकशी या अपमानजनक टिप्पणी करने वालों को पकड़कर 'रेड कार्ड' के रूप में अंतिम चेतावनी दी जाएगी। रेड कार्ड पाने वाले व्यक्ति का विवरण निर्धारित प्रारूप में दर्ज कर रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीमों की ओर से महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। इनमें 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन प्रमुख हैं। इसके अलावा 108/102 स्वास्थ्य सेवा, 14567 वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन तथा थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

कादीपुर में छात्राओं से लिया फीडबैक

मिशन शक्ति के तहत थाना कादीपुर की टीम ने नेशनल इंटर कॉलेज कादीपुर में छात्राओं और बालिकाओं से संवाद किया। टीम ने उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन की जानकारी देने के साथ एंटी रोमियो अभियान को प्रभावी बनाने के लिए फीडबैक फॉर्म भरवाए। छात्राओं से पार्क, चौराहे, नुक्कड़ और गलियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए गए।

कूरेभार में साइबर ठगी से बचाव की जानकारी

थाना कूरेभार की एंटी रोमियो टीम ने राज इंटरमीडिएट कॉलेज, पूरेसागर में छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित टोल-फ्री नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए। टीम ने छात्राओं से फीडबैक लेने के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाई।

पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। फीडबैक के आधार पर चिन्हित स्थानों पर निगरानी बढ़ने से सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *