आज की ताजा खबर

17 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान', सहकारिता मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा

top-news

आरिफ सिद्दीकी

शाहजहांपुर। प्रदेश भर में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' वृहद स्तर पर चलाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों और सफल क्रियान्वयन को लेकर आज सहकारिता मंत्री ने प्रदेश के सभी विभागीय अधिकारियों और जिला सहकारी बैंकों के सभापतियों के साथ एक अहम वर्चुअल बैठक की। बैठक में इस एक महीने तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा तय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में तय किए गए कार्यक्रमों के अनुसार, अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 'सेवा दिवस' के रूप में होगा। इस दिन शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद पूरे एक महीने तक शिक्षा, संस्कृति और जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर चित्रकला, भाषण प्रतियोगिताएं और विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं और बच्चों की रचनात्मकता को मंच मिल सके।

इसके साथ ही, 'नमो सेवा - अनकही कहानियां' कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की अहम उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक नाटकों का मंचन किया जाएगा। ग्रामीण स्तर पर भी अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 'आंगनबाड़ी मिलन सेवा' के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष उत्सव मनाया जाएगा। वहीं, डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए 'सेवा की कहानी' के तहत सरकार के जनोपयोगी कार्यों पर रील्स बनाकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने के लिए जनपद के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' के रूप में रैलियां निकाली जाएंगी।

अभियान के तहत 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम विशेष रूप से चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूरी होने के उपलक्ष्य में 25 अलग-अलग सेवा गतिविधियां तय की गई हैं, जिनमें रक्तदान शिविर और व्यापक वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्य शामिल हैं। इसी क्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जनपद की सभी सहकारी समितियों पर विशेष रूप से 'हरिशंकरी' के पौधे रोपे जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी सक्रियता के साथ इन सभी कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें।

वर्चुअल बैठक में अध्यक्ष डीपीएस राठौर ए आर कोआपरेटिव डॉ गणेश गुप्ता महाप्रबंधक सौरभ द्विवेदी ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने का भरोसा जताया ।

 

पेपर व डिजिटल मे विज्ञापन हेतु संपर्क करे

संपर्क सूत्र - +91 77549 54126

https://lokbharti.co.in/ad/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *